पहले बड़ा प्रकल्प लाकर दिखाएं, फिर करें टीका-टिप्पणी- विधायक भोंडेकर
अनमोल मेश्राम * भंडारा दस्तक न्यूज
भंडारा. दसरा मैदान में आयोजित विराट सभा में उपमुख्यमंत्री व शिवसेना पक्षप्रमुख एकनाथ शिंदे और विधायक नरेंद्र भोंडेकर ने जोरदार हल्लाबोल करते हुए विरोधियों पर तीखे प्रहार किए और विकास केंद्रित दृष्टिकोण को जनता के सामने रखा. सुबह से ही सभा स्थल पर भारी भीड़ उमड़ी थी और मैदान घोषणाबाजी से लगातार गूंजता रहा.
विकास कार्यों के लिए करोड़ों की निधि- शिंदे
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि भंडारा शहर समेत पूरे क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए करोड़ों रुपये की निधि मंजूर की गई है. उन्होंने बताया कि विधायक नरेंद्र भोंडेकर ने करीब 3,000 करोड़ रुपये के प्रकल्पों को जमीन पर उतारकर दिखाया है.
नगर विकास विभाग उनके पास होने से सड़क, पानी, बिजली, उद्यान जैसे सभी विकास योजनाओं के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी.
योजनाओं का उल्लेख करते हुए शिंदे ने लाडकी बहन योजना, बचत गटों के अनुदान, ग्रामीण-शहरी विकास योजना, जल पर्यटन से रोजगार, धान बोनस वृद्धि, मुख्यमंत्री सन्मान योजना जैसे अनेक प्रकल्पों को आगे भी गति देने का आश्वासन दिया. किसानों की कर्जमाफी के वचन को पूरा किए बिना वे रुकने वाले नहीं है.
शिंदे भावुक भी हुए और कहा कि उन्होंने अपनी मां का दुख देखा है, इसी वजह से बहनों के लिए लाडकी बहन योजना शुरू की गई. मैं आज भी खुद को कार्यकर्ता मानता हूं और आम आदमी की तरह काम करता हूं.
भोंडेकर जैसा जनप्रतिनिधि नहीं- शिंदे
शिंदे ने विधायक नरेंद्र भोंडेकर की जमकर सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे कार्य किए है जो अब तक किसी और से नहीं हो पाए. उनके कार्यों के पीछे डॉ. अश्विनी भोंडेकर का भी महत्वपूर्ण योगदान है.
उन्होंने जनता से अपील की कि भंडारा के विकास की गति बनाए रखने के लिए डॉ. अश्विनी भोंडेकर को विजयी बनाएं. कोरोना काल में डॉ. अश्विनी भोंडेकर को मिले कोरोना योद्धा पुरस्कार का भी उन्होंने विशेष उल्लेख किया.
विधायक भोंडेकर का पलटवार, पहले विकास करो, फिर आरोप लगाए
अपने दमदार भाषण में भोंडेकर ने विरोधियों पर तीखा वार करते हुए कहा कि उन्होंने भंडारा के लिए बड़े प्रकल्प लाकर दिखाए है, इसलिए विरोधी झूठे आरोप लगाते है.
उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, यदि दम है, तो भंडारा के लिए एक बड़ा प्रकल्प लाकर दिखाएं, फिर टीका-टिप्पणी करें.
उन्होंने बताया कि शिवसेना (शिंदे गट) में महिला-पुरुष का भेद नहीं किया जाता, इसी कारण जिले की चारों नगरपरिषदों में महिला उम्मीदवार उतारी गई है.
कुछ विरोधियों द्वारा की जा रही निम्नस्तरीय भाषा की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति सकारात्मक है और भंडारा का विकास ही उनका एकमात्र एजेंडा है.
मंच पर बड़ी उपस्थिति
कार्यक्रम में राज्यमंत्री आशिष जयस्वाल, डॉ. अश्विनी भोंडेकर, कल्याणी भुरे, वंदना पोहाणे, संजय कुंभलकर, अनिल गायधने सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे.
इसके अलावा पद्माकर बावनकर, किरण अतकरी, नरेश उचिबगले, दीपक गजभिये, मुकेश थोटे, सविता तुरकर, बाल शिवणकर, सतीश तुरकर, राजेश चोपकर सहित भंडारा नगर परिषद के सभी 35 उम्मीदवार कार्यक्रम में मौजूद रहे.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी bhandaradastak@gmail.com






