पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को पकड़ा
अनमोल मेश्राम * भंडारा दस्तक न्यूज
भंडारा. शहर के विद्या नगर परिसर के सामने रविवार 11 जनवरी तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में वृत्तपत्र वितरक शंकर भोजलाल पटले (45) की मौके पर ही मौत हो गई थी.
रोज़ की तरह अख़बार वितरण का काम पूरा कर वह अपनी टीवीएस स्कूटी ( क्र. एम.एच. 36 एएस 2470) से भोजापूर की ओर लौट रहे था, तभी नागपुर की ओर से भंडारा की तरफ आ रहे एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी थी. हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था.
इस दुर्घटना में शंकर पटले की स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी.

घटना से गुस्साए प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, वेब पोर्टल, यूट्यूब पत्रकार तथा वृत्तपत्र विक्रेता संघ के सदस्यों ने रविवार दोपहर 4 बजे गांधी चौक स्थित शहर पुलिस थाना पहुंचकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी.

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष पथक रवाना किया और सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी गवाह के आधार पर जांच तेज की थी.
जांच में पता चला कि हादसे में शामिल वाहन आयशर कंपनी का कत्थई रंग का ट्रक ( क्र. एम.एच. 36 एफ. 4851) है.
नाकाबंदी ऐप के माध्यम से वाहन की जानकारी निकालकर पुलिस ने मोहाडी निवासी वाहन मालिक और चालक को हिरासत में लिया तथा दुर्घटनाग्रस्त ट्रक जब्त कर लिया.
इस संबंध में भंडारा पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 88/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 281, 106(1) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है. जांच पुलिस उपनिरीक्षक विजय पंचबुधे द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की जा रही है.
मृतक शंकर पटले की आर्थिक स्थिति साधारण थी. हाल ही में उन्होंने परिवार के लिए वाहन खरीदा था. उनके पीछे पत्नी और एक छोटी बेटी है.
उनके आकस्मिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. इस घटना से पूरे पत्रकार जगत और वृत्तपत्र विक्रेताओं में गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी anmolm419@gmail.com






