जिला अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत
अनमोल मेश्राम * भंडारा दस्तक न्यूज
भंडारा. भंडारा जिला सामान्य अस्पताल में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां उपचार के लिए भर्ती एक 23 वर्षीय युवक ने अस्पताल की इमारत की छत से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली.
इस घटना से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है. मृतक का नाम अखिल मरसकोल्हे (23) है, जो मध्यप्रदेश के तिरोड़ी का निवासी था. घटना सोमवार 24 नवंबर को हुई थी.
उस समय कोई वीडियो उपलब्ध नहीं था, लेकिन युवक के छत से कूदने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के अनुसार, अखिल मरसकोल्हे का शरीर झुलस गया था, जिसके बाद उसे उपचार के लिए भंडारा जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था. तेज दर्द और पीड़ा के कारण वह मानसिक तनाव में था और उसकी मानसिक स्थिति लगातार बिगड़ रही थी.
युवक अचानक वार्ड से बाहर निकला और सीधे अस्पताल की इमारत की छत पर जा पहुंचा. लगभग 40 से 50 फीट की ऊंचाई से कूदने पर उसके सिर में गंभीर चोटें आई. तुरंत उसे आईसीयू में भर्ती किया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर मस्तिष्क चोट के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. मरीजों, कर्मचारियों और परिजनों में दहशत का माहौल निर्माण हो गया. इसी बीच युवक के छत पर लटकने और नीचे गिरने का पूरा घटनाक्रम दिखाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से और भी हड़कंप मच गया है.
वीडियो में युवक अस्पताल की इमारत के काठ पर लटका दिखता है, जबकि नीचे उसके परिजन और अन्य लोग उसे रोकने की कोशिश करते नजर आते है.
कुछ ही क्षण बाद युवक ने हाथ छोड़ दिया और नीचे आ गिरा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आई. लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, परंतु उसे बचाया नहीं जा सका.
पुलिस ने पंचनामा कर मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी bhandaradastak@gmail.com






