संरक्षित वन क्षेत्र में अवैध मुरुम उत्खनन, पोकलैंड मशीन व तीन टिपर जब्त
अनमोल मेश्राम * भंडारा दस्तक न्यूज
भंडारा. पवनी प्रादेशिक वन परिक्षेत्र अंतर्गत सहवन क्षेत्र सावरला के गुडेगाव बिट में वन विभाग ने अवैध उत्खनन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. नियमित गश्त के दौरान संरक्षित वन क्षेत्र में अवैध रूप से मुरुम उत्खनन किए जाने का मामला सामने आया.
क्षेत्र सहायक आई.एच. काटेखाये तथा बिट रक्षक जी.एन. नागरगोजे (गुडेगाव) को मौजा गुडेगाव, कक्ष क्रमांक 238 स्थित संरक्षित वन क्षेत्र में पोकलैंड मशीन की सहायता से गौण खनिज का अवैध उत्खनन कर ट्रकों के माध्यम से परिवहन किया जा रहा था.

इस प्रकरण में उपवनसंरक्षक भंडारा योगेंद्र सिंह तथा सहायक वनसंरक्षक (रोगायो व वन्यजीव) भंडारा सचिन निलख के मार्गदर्शन में पवनी वन परिक्षेत्र अधिकारी वी.के. नागदेवे ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की. कार्रवाई के दौरान एक पोकलैंड मशीन और तीन टिपर जब्त किए गए.
वन विभाग द्वारा वन अपराध दर्ज कर संबंधित वाहनों को जब्त किया गया है. मामले की आगे की जांच वन परिक्षेत्र अधिकारी वी.के. नागदेवे द्वारा की जा रही है.
वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वन क्षेत्र अथवा वन सीमा से लगे इलाकों में यदि अवैध उत्खनन, अतिक्रमण, अवैध वृक्ष कटाई या अवैध शिकार जैसी गतिविधियां दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी वन अधिकारी या वन कर्मचारी को सूचित करें अथवा फॉरेस्ट हेल्पलाइन क्रमांक 1926 पर तत्काल जानकारी दे.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी anmolm419@gmail.com






