प्रेम विवाह विवाद बना हत्या की वजह
मोहाडी प्रतिनिधि * भंडारा दस्तक न्यूज
मोहाडी. भंडारा जिले के मोहाडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेटाला गांव में हुए युवक की हत्या के मामले में मोहाडी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. न्यायालय ने सभी आरोपियों को 30 जनवरी 2026 तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता बेटाला निवासी प्रकाश गोपीचंद शेंडे ने मोहाडी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के मुताबिक, 6 जनवरी 2026 को उनके चचेरे भाई आकाश शालिक शेंडे (30) ने बेटाला निवासी अंजू रमेश कुंभलकर की बेटी से प्रेम विवाह किया था. इस विवाह को मां अंजु कुंभलकर और भाई विरोध कर रहे थे.
25 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे आरोपी भारत मोहतुरे ने आकाश को फोन कर गांव के चौक पर बुलाया. इसके बाद आकाश मोटरसाइकिल से वहां गया, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. परिजनों द्वारा तलाश करने पर 26 जनवरी 2026 को आकाश का शव एक नाले में मृत अवस्था में मिला.
साजिश रचकर युवक की गला दबाकर हत्या
इस मामले में मोहाडी पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया. जांच में सामने आया कि आरोपी भारत मोहतुरे ने आकाश को गांव के चौक पर बुलाया और अपने साथी महेंद्र बकाराम बोडकर, दिनेश उर्फ सचिन मोहन ईश्वरकर के साथ मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी.
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी की मां अंजू रमेश कुंभलकर और भाई चेतन रमेश कुंभलकर ने हत्या की साजिश रचते हुए आरोपी महेंद्र बोड़कर को 30 हजार रुपये देने का आश्वासन दिया था. इस साजिश के तहत 24 जनवरी 2026 को 6 हजार रुपये भी दिए गए थे.
मोहाडी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों में भारत बालकृष्ण मोहतुरे (26), महेंद्र बकाराम बोड़कर (31), दिनेश उर्फ सचिन मोहन ईश्वरकर (37), अंजू रमेश कुंभलकर (42) और चेतन रमेश कुंभलकर (22) शामिल है. सभी आरोपी बेटाला गांव के निवासी है.
30 जनवरी तक पुलिस कस्टडी मंजूर
न्यायालय ने सभी आरोपियों को 30 जनवरी 2026 तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है. आगे की जांच मोहाडी थाना के पुलिस निरीक्षक सुरेंद्र बेलखेड़े द्वारा की जा रही है.
समाचार, विज्ञापन के लिए संपर्क करें…
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी anmolm419@gmail.com






