बारामती में चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त
पांच लोगों की मौत
अनमोल मेश्राम * भंडारा दस्तक न्यूज
भंडारा. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता अजित पवार का बारामती में हुए विमान हादसे में निधन हो गया.
यह हादसा उस समय हुआ, जब मुंबई से बारामती आ रहा उनका चार्टर्ड विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
हादसे का विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार Learjet-45 विमान बारामती एयरपोर्ट पर उतरने की कोशिश कर रहा था, तभी वह रनवे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें भीषण आग लग गई.
इस हादसे में अजित पवार सहित कुल पांच लोगों की मौत हो गई. मृतकों में दो पायलट और सुरक्षा कर्मी भी शामिल है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान रनवे के समीप गिरते ही आग की लपटों में घिर गया. घटना के बाद दमकल विभाग और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया.
हादसे के संभावित कारण
प्रारंभिक रिपोर्ट में खराब दृश्यता, तकनीकी खराबी या लैंडिंग के दौरान आई समस्या को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है. मामले की जांच विमानन नियामक संस्था और संबंधित एजेंसियों द्वारा की जा रही है.
राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव
अजित पवार के निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में शोक की लहर फैल गई है. वे राज्य के प्रमुख और प्रभावशाली नेताओं में से एक थे.
बारामती क्षेत्र के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उनके आकस्मिक निधन को राज्य के सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है.
राज्यभर के राजनीतिक नेता, सामाजिक संगठन और आम नागरिकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है.
अजित पवार के निधन से राज्य में शोक की लहर- डॉ. पंकज भोयर ने व्यक्त की संवेदना

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजितदादा पवार के अचानक निधन से पूरा राज्य शोक में डूब गया है. राज्य के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा.
ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति दें, ऐसी संवेदना भंडारा के पालकमंत्री तथा राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर ने व्यक्त की.
अजित पवार के निधन से अपूरणीय क्षति- प्रफुल पटेल

राष्ट्रवादी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री अजितदादा पवार के निधन से मार्गदर्शक और मजबूत आधार खो गया है. उनका जाना व्यक्तिगत और राजनीतिक दोनों रूप से अपूरणीय क्षति है. वे कुशल प्रशासक और दूरदर्शी नेता थे, जिनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा.
पूर्व मंत्री एवं सांसद प्रफुल पटेल ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पवार परिवार और पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.
अजित पवार के निधन से राज्य को अपूरणीय क्षति- चरण वाघमारे

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री अजितदादा पवार के निधन से राज्य ने एक दूरदर्शी प्रशासक और जनप्रिय नेता को खो दिया है. उनके योगदान और कार्यशैली को सदैव याद किया जाएगा.
चरण वाघमारे पूर्व विधायक एवं जिल्हाध्यक्ष राष्ट्रवादी कांग्रेस पक्ष (शरदचंद्र पवार) भंडारा ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.
जनसेवा के प्रति समर्पित व विकासशील नेतृत्व को खो दिया- आशिष गोंडाने

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजितदादा पवार के विमान दुर्घटना में निधन की खबर अत्यंत दुःखद है. राज्य ने जनसेवा के प्रति समर्पित और विकासशील नेतृत्व को खो दिया है.
भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष (आशु) गोंडाने ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.
समाचार, विज्ञापन के लिए संपर्क करें…
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी anmolm419@gmail.com






