लाखनी के मानेगांव खेत परिसर की घटना
भंडारा अस्पताल में इलाज जारी
लाखनी प्रतिनिधि * भंडारा दस्तक न्यूज
लाखनी. तहसील के राष्ट्रीय महामार्ग पर स्थित मानेगांव खेत परिसर में रविवार दोपहर करीब एक बजे मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई.
किसी अज्ञात व्यक्ति ने 8 से 10 दिन की नवजात बच्ची को काले रंग के बैग में बंद कर नाले की झाड़ियों में फेंक दिया. सौभाग्य से समय पर सूचना मिलने से बच्ची की जान बच गई.
पुलिस सूत्रों के अनुसार पिंपलगांव सड़क के पुलिस पाटिल सुरेश मते को झाड़ियों में पड़े एक बैग से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी.
उन्होंने तुरंत लाखनी पुलिस स्टेशन को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सुभाष बारसे अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे.
बैग खोलने पर उसमें एक जीवित नवजात बच्ची मिली, जिसे बेहद अमानवीय तरीके से फेंका गया था. तेज धूप, भूख-प्यास और दमघोंटू हालात के बावजूद बच्ची जीवित पाई गई.
पुलिस ने तत्काल बच्ची को ग्रामीण अस्पताल, लाखनी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे भंडारा के सामान्य अस्पताल रेफर किया गया. चिकित्सकों के अनुसार बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर है, हालांकि उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है. इस प्रकरण की जांच पुलिस हवलदार मिलिंद गभणे और पुलिस सिपाही कांतीस कराडे कर रहे है.
आसपास के गांवों में हाल ही में हुई प्रसूतियों, अस्पताल रिकॉर्ड, अविवाहित गर्भावस्था और संदिग्ध गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि दोषी की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी anmolm419@gmail.com






