हरदोली क्षेत्र में दहशत का माहौल
सिहोरा प्रतिनिधि * भंडारा दस्तक न्यूज
सिहोरा. तुमसर तहसील के करकापुर–हरदोली पगडंडी मार्ग किनारे खेत में बने बैलों के कोठे पर बीती रात अचानक बाघ ने हमला कर दो बैलों का शिकार किया. दोनों बैल किसान कैलाश पटले के बताए जा रहे है. इस घटना के बाद पूरे हरदोली क्षेत्र में दहशत फैली है.
रात में हुआ हमला, दो बैलों की मौके पर मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान कैलाश पटले ने अपने दोनों बैलों को खेत में बने कोठे में बांध रखा था. देर रात बाघ ने कोठे में घुसकर दोनों बैलों पर हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. ग्रामीणों को सुबह घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग को सूचित किया.
वन विभाग की टीम मौके पर, पंचनामा व कैमरे लगाए
घटना की जानकारी मिलते ही हरदोली वन परिक्षेत्र के कर्मचारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. वन विभाग द्वारा मृत बैलों का पंचनामा किया गया तथा बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए घटनास्थल के आसपास कैमरे लगाए गए है.
पीड़ित किसान ने मुआवजे की मांग
दो बैलों के शिकार से किसान कैलाश पटले को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. पीड़ित किसान ने वन विभाग से एक लाख रुपये मुआवजा दिए जाने की मांग की है. किसानों का कहना है कि बैल खेती का मुख्य साधन होते है और उनकी मौत से जनजीवन पर सीधा असर पड़ा है.
हरदोली, करकापुर एवं रुपेरा में दहशत
बाघ की मौजूदगी से हरदोली, करकापुर एवं रुपेरा गांव के लोग दहशत के साये में जी रहे है. ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी anmolm419@gmail.com






