उत्कृष्ट सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल प्रतियोगिता 2025 में प्रथम पुरस्कार हासिल
अनमोल मेश्राम * भंडारा दस्तक न्यूज
भंडारा. राज्य शासन की ओर से आयोजित उत्कृष्ट सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल प्रतियोगिता 2025 के परिणाम घोषित कर दिए गए है. जिले स्तर पर सन्मित्र गणेशोत्सव मंडल, गणेशपूर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया है, जिससे पूरे जिले का नाम रोशन हुआ है.
जिलाधिकारी कार्यालय के सभागृह में आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधिकारी एवं जिला स्तरीय समिति के समन्वयक सावन कुमार के हस्ते विजेता मंडलों को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर निवासी उपजिलाधिकारी एवं जिला स्तरीय चयन समिति के अध्यक्ष मनोहर चव्हाण, जिला नियोजन अधिकारी एवं सदस्य सचिव तारकेश्वरी बोरीगिड्ढे प्रमुख रूप से उपस्थित थे.
जिले स्तर पर प्रथम पुरस्कार के रूप में सन्मित्र गणेशोत्सव मंडल, गणेशपूर को 50 हजार रुपये की नकद राशि तथा प्रमाणपत्र प्रदान किया गया. यह पुरस्कार मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के सांस्कृतिक कार्य मंत्री एडवोकेट आशिष शेलार के हाथों प्रदान किया गया.
यह प्रतियोगिता महाराष्ट्र शासन के सांस्कृतिक कार्य विभाग तथा पु.ल. देशपांडे महाराष्ट्र कला अकादमी के माध्यम से आयोजित की गई थी. प्रतियोगिता में गणेशोत्सव मंडलों द्वारा पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक एवं सांस्कृतिक उपक्रमों के आधार पर सहभाग दर्ज की गई थी.
कार्यक्रम में विजेता मंडलों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया. समारोह में सहायक जिला नियोजन अधिकारी दिलीप दातीर, सहाय्यक संशोधन अधिकारी पंकजा भोंगाडे सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी anmolm419@gmail.com






