किसके हाथ आएगी सत्ता की चाबी
अनमोल मेश्राम * भंडारा दस्तक न्यूज
भंडारा. नगर परिषद चुनाव के मतदान पूर्ण होते ही अब पूरे शहर में केवल एक ही चर्चा है 21 दिसंबर को होने वाली मतगणना में आखिर बाजी कौन मारेगा? राजनीतिक दलों के समर्थकों से लेकर आम नागरिकों तक, हर कोई परिणामों को लेकर कयासों में जुटा है.
शहर के विभिन्न प्रभागों में इस बार त्रिकोणीय और चतुष्कोणीय मुकाबलों ने चुनावी समीकरणों को और उलझा दिया है. प्रमुख दलों ने अपने-अपने विकास कार्यों, वचननामा और जनसंपर्क अभियानों के आधार पर जीत का दावा किया है, परंतु जनता के मन की असल दिशा क्या है, इसका अंदाजा लगाना भी राजनीतिक विश्लेषकों के लिए कठिन हो गया है.
वोटिंग प्रतिशत बढ़ा, मुकाबला और रोचक
इस चुनाव में पिछले चुनावों की तुलना में मतदान प्रतिशत बढ़ा है. युवाओं, महिलाओं और पहली बार मतदान करने वालों ने बड़ी संख्या में मतदान किया.
जानकारों का मानना है कि बढ़ा हुआ मतदान किसी भी दल के लिए नए अवसर और नई चुनौतियां लेकर आ सकता है.
जनता की चुप्पी ने बढ़ाई प्रत्याशियों की बेचैनी
मतदान के बाद से ही नागरिक खुले तौर पर अपनी पसंद प्रकट करने से बच रहे है. इस ‘मौन मतदाता’ की भूमिका ने सभी उम्मीदवारों की धड़कनें बढ़ा दी है. कई प्रभागों में कांटे की टक्कर का अनुमान है, जहां कुल 100 वोट भी किसी की जीत या हार तय कर सकते है.
21 दिसंबर को खुलेगा परिणामों का ताला
चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, 21 दिसंबर को सुबह से ही मतगणना शुरू होगी. प्रत्येक प्रभाग के मतों की गिनती चरणबद्ध रूप से की जाएगी और दोपहर तक रुझान साफ होने की संभावना है.
कौन मारेगा बाजी?
यद्यपि सभी दल अपनी जीत के दावे कर रहे है, परंतु स्पष्ट तस्वीर मतगणना के दिन ही सामने आएगी. स्थिति यह है कि कई प्रभागों में नए चेहरे मजबूत दावेदारी पेश कर रहे है, कुछ जगहों पर पुराने कार्यकर्ताओं का नेटवर्क फायदा दिला सकता है, वहीं स्थानीय मुद्दों पर मतदान का असर निर्णायक साबित हो सकता है.
शहर की निगाहें 21 दिसंबर पर टिकी
चुनावी सरगर्मी भले ही शांत पड़ गई हो, लेकिन उत्सुकता चरम पर है. सभी दलों के कार्यालयों में तैयारी शुरू हो चुकी है. मतगणना दिवस पर शहर की राजनीतिक दिशा तय होने वाली है.
अब सबकी नजरें 21 दिसंबर पर कि आखिर कौन होगा नगराध्यक्ष और किसके हाथ आएगी सत्ता की चाबी.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी bhandaradastak@gmail.com






