नगरपालिका चुनाव से पहले समीकरण बदलने के आसार
नेताओं की पाला बदलने की होड़ तेज
अनमोल मेश्राम * भंडारा दस्तक न्यूज
भंडारा. आगामी नगरपालिका चुनावों की घोषणा के साथ ही जिले का राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है. प्रमुख दलों में इस्तीफों की झड़ी लग गई है, वहीं नेता एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप करते हुए पार्टी छोड़ने की राह पकड़ रहे है.
इन घटनाक्रमों से चुनाव से पहले जिले की राजनीति में बड़े फेरबदल के संकेत मिल रहे है. महायुति और विपक्षी दलों में आंतरिक कलह खुलकर सामने आ गया है. नेताओं के पलायन और दलबदल की बढ़ती रफ्तार से जिले की सियासत में नए समीकरण बनते दिखाई दे रहे है.
महायुति में शीत युद्ध, नेताओं की भागदौड़ तेज
भंडारा नगरपालिका चुनाव से पहले महायुति के घटक दल भारतीय जनता पार्टी, शिवसेना (शिंदे गुट) और राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित पवार गुट)
तथा विपक्षी दल कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) और शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के बीच गठबंधन को लेकर स्थिति अस्पष्ट बनी हुई है.
सभी दलों के नेता अब कार्यकर्ताओं और स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों को अपने पाले में खींचने के प्रयास में जुटे है.
“यदि अमुक नेता हमारे साथ आ जाएं तो जीत सुनिश्चित होगी,” इस सोच के चलते राजनीतिक जोड़ तोड़ तेज हो गया है. दलबदल और इस्तीफों के इस सिलसिले ने चुनावी माहौल को और भी रोमांचक बना दिया है.
इस्तीफों से सियासत में हलचल
इस्तीफों की बौछार से भंडारा जिले की सियासत में हलचल मच गई है. कई स्थानीय नेता अपनी सुविधा और लाभ के अनुसार पार्टी बदल रहे है, जिससे दोनों ही गुटों के शीर्ष नेतृत्व के सामने रणनीतिक चुनौती खड़ी हो गई है. इन बदलावों का आगामी चुनाव परिणामों पर क्या असर पड़ेगा, इस पर सभी की निगाहें टिकी है.
चुनावी रणभेरी में नया रंग
भंडारा जिले का यह राजनीतिक नाटक नगर पालिका चुनावी रणभेरी में और रंग भरने वाला साबित हो रहा है. इस्तीफे, दलबदल और आरोप-प्रत्यारोप के दौर ने स्थानीय राजनीति को चर्चा का विषय बना दिया है. अब देखना यह होगा कि इन घटनाक्रमों का प्रभाव चुनावी नतीजों पर कितना पड़ता है.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी bhandaradastak@gmail.com






