अनमोल मेश्राम * भंडारा दस्तक न्यूज
भंडारा. भंडारा जिले के सर्वांगीण विकास के लिए तैयार किया गया नियोजनात्मक प्रारूप जल्द ही बड़े परिवर्तन की शुरुआत साबित होगा, ऐसा प्रतिपादन महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया.
नगर परिषद चुनावों के मद्देनजर शहर के दशहरा मैदान में 29 नवंबर को आयोजित भव्य प्रचार सभा में वे संबोधित कर रहे थे.
मुख्यमंत्री ने बताया कि आज देश के 400 से अधिक शहरों में साढ़े छह करोड़ लोग रहते है और देश की 65 प्रतिशत जीडीपी का निर्माण इन्हीं शहरों से होता है.
रोजगार, सेवाएं और उद्योगों की असली ताकत शहरों में होती है, इसलिए शहरों को सफल बनाना भारतीय जनता पार्टी का प्रमुख लक्ष्य है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के समग्र विकास के साथ-साथ शहरों के उत्थान को प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिए है.
मधुरा मदनकर दांपत्य के कार्य का गौरव
फडणवीस ने मंच से भंडारा नगराध्यक्ष पद की उम्मीदवार मधुरा मदनकर और उनके पति मिलिंद मदनकर के दीर्घकालीन कार्य की सराहना की.
उन्होंने कहा कि दोनों ने 20 वर्षों तक नगरसेवक के रूप में जनता की सेवा की है तथा शहर की समस्याओं और योजनाओं की उन्हें गहरी जानकारी है.
अतिक्रमण ग्रस्त के लिए बड़ी राहत, मिलेंगे मुफ्त घर व मालिकाना पट्टे
शहर में रोजगार की तलाश में आए कई नागरिकों के घर अतिक्रमण क्षेत्र में फंसे है. इस समस्या के समाधान हेतु दो माह पूर्व सरकार द्वारा जारी जीआर के माध्यम से झुग्गी क्षेत्रों के अतिक्रमण धारकों को मालिकाना हक के पट्टे और मुफ्त घर दिए जाएंगे, यह घोषणा मुख्यमंत्री ने की.
सिंधी समाज की 70 वर्षों से लंबित पट्टा समस्या का निराकरण भी किया गया है. वहीं, झाड़ जंगलों में फंसे नागरिकों के हक्क के लिए आठ वर्षों तक लड़ी गई कानूनी लड़ाई के बाद सुप्रीम कोर्ट का निर्णय प्राप्त होने की जानकारी भी उन्होंने दी.
भंडारा का विकास प्रारूप घोषित
भाजपा के सभी उम्मीदवारों को विजयी बनाने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने आगामी विकास योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की जिसमें भंडारा में कचरे से गैस व बिजली उत्पादन परियोजना, हर घर जल व अमृत धारा योजना के तहत उत्कृष्ट जलापूर्ति, खेल मैदान, उद्यान, तालाब संरक्षण व सौंदर्यीकरण, आधुनिक नाले–गटारे और सीमेंट कंक्रीट सड़कें, नागपुर–भंडारा–गोंदिया–गडचिरोली मार्ग को समृद्धि महामार्ग से जोड़ना, इन मार्गों का मुख्य जंक्शन भंडारा बनेगा.
प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति
सभा में विधान परिषद सदस्य डा. परिणय फुके, पूर्व सांसद सुनील मेंढे, भंडारा–गोंदिया समन्वयक बाला अंजनकर, जिलाध्यक्ष आशीष गोंडाने, पूर्व विधायक हेमकृष्ण कापगते, बाला काशिवार, पूर्व जिला अध्यक्ष शिवराम गिरीपुंजे, दुग्ध संघ अध्यक्ष विलास काटेखाये, मोहन सुरकर, विनोद बांते, प्रशांत खोब्रागड़े, सचिन कुंभलकर, भंडारा नगराध्यक्ष पद की उम्मीदवार मधुरा मदनकर, पवनी की भावना भाजीवाले, साकोली की देवश्री कापगते सहित जिले की सभी नगर परिषदों के उम्मीदवार बड़ी संख्या में उपस्थित थे.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी bhandaradastak@gmail.com






