लाखनी में अस्थायी दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू
लाखनी प्रतिनिधि * भंडारा दस्तक न्यूज
लाखनी. राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात जाम की समस्या दूर करने और सड़क चौड़ीकरण कार्य को गति देने के लिए लाखनी शहर क्षेत्र में शुक्रवार को प्रशासन द्वारा सख्त ‘अतिक्रमण हटाओ’अभियान चलाया गया.
राजमार्ग के दोनों किनारों पर स्थित अस्थायी चाय की टपरियां, पान ठेले और नाश्ता केंद्रों पर जेसीबी की मदद से कार्रवाई की गई.
इस अभियान के दौरान भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया था. कार्रवाई के चलते लाखनी बस स्टैंड और मुख्य बाजार क्षेत्र में दिनभर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने लाखनी शहर में राजमार्ग के दोनों ओर 100 फीट क्षेत्र को खाली कराने का कार्य शुरू किया है.
अभियान की सूचना मिलते ही कुछ दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपने सामान हटा लिए थे, लेकिन जिन्होंने सहयोग नहीं किया, उनके अतिक्रमण को प्रशासन ने पुलिस बल की मदद से हटा दिया.
कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर महिलाओं और पुरुषों ने प्रशासनिक कार्य में बाधा डालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी anmolm419@gmail.com





