12.65 लाख का मादक पदार्थ जब्त
अनमोल मेश्राम * भंडारा दस्तक न्यूज
भंडारा. शहर में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ स्थानीय अपराध शाखा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 लाख 65 हजार रुपये मूल्य का एमडी ड्रग्स जब्त किया है. पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक नुरुल हसन के निर्देश पर जिले में गुप्त रूप से चल रहे मादक पदार्थों के कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही थी.
इसी क्रम में 8 मई 2026 को सुबह करीब 11.30 बजे स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक शिरीष भालेराव को गोपनीय मुखबिर से सूचना मिली कि आंबेडकर वार्ड स्थित समाज भवन के पास किराए के मकान में रहने वाला एक युवक एमडी ड्रग्स का कारोबार कर रहा है.
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नुरुल हसन ने अपर पुलिस अधीक्षक निलेश मोरे को तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
इसके बाद स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने पंचों और राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में आंबेडकर वार्ड स्थित आरोपी कपिल गंगाधर खोब्रागड़े, निवासी नंदनवन, नागपुर के किराए के घर पर छापा मारा.
छापेमारी के दौरान पुलिस को घर से 63.210 ग्राम एमडी सदृश्य पाउडर बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख 65 हजार रुपये बताई गई है.
इसके अलावा 2,300 रुपये का अन्य सामान और 79,960 रुपये नकद भी जब्त किए गए. कुल मिलाकर 13 लाख 47 हजार 260 रुपये का मुद्देमाल पुलिस ने कब्जे में लिया.
इस मामले में भंडारा पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 1057/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क) और 22(क) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है.
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नुरुल हसन, अपर पुलिस अधीक्षक निलेश मोरे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी विलास काले के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा की टीम द्वारा की गई. आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक केशव पुंजरवाड कर रहे है.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी anmolm419@gmail.com






