अनमोल मेश्राम * भंडारा दस्तक न्यूज
भंडारा. भंडारा–गोंदिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. प्रशांत पडोले ने साकोली के सानगडी गांव में सदाशिव वलथरे द्वारा संचालित मत्स्य व्यवसाय का निरीक्षण किया.
सदाशिव वलथरे ने अपने खेत में स्वयं के खर्च पर मत्स्य पालन शुरू किया है. इस दौरान सांसद ने तालाब में मछली संवर्धन, उत्पादन की स्थिति और किसानों को आने वाली समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की.
डॉ. पडोले ने कहा कि मत्स्य पालन ग्रामीण क्षेत्र के किसानों के लिए सहायक और आय बढ़ाने वाला व्यवसाय है. उन्होंने तालाब क्षेत्र का दौरा कर किसानों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं की जानकारी ली.
निरीक्षण के दौरान किसानों ने मत्स्य बीज की उपलब्धता, आहार, तालाब प्रबंधन और बाजार दरों से संबंधित परेशानियां साझा की.
सांसद ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए.
उन्होंने कहा कि मत्स्यपालन व्यवसाय को विकसित करने के लिए किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाना चाहिए. वहीं, बढ़ते नियामक दबाव और समय पर पानी की उपलब्धता न होने के कारण किसानों को नुकसान भी उठाना पड़ता है.
इस अवसर पर सांसद ने तालाब में मछलियों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया और उत्पादन बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक के उपयोग का आह्वान किया.
उन्होंने ग्रामीण युवाओं को मत्स्य व्यवसाय की ओर आकर्षित होने के लिए प्रोत्साहित किया ताकि रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें.
स्थानीय मत्स्य व्यवसायी, ग्रामस्थ और संबंधित अधिकारी भी इस निरीक्षण में उपस्थित थे. सांसद डॉ. प्रशांत पडोले ने उम्मीद व्यक्त की कि इस पहल से मत्स्यपालन क्षेत्र को नई दिशा और गति मिलेगी.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी anmolm419@gmail.com






