तहसील प्रतिनिधि * भंडारा दस्तक न्यूज
मोहाडी. तहसील अंतर्गत मौजा बेटाला क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां वैनगंगा नदी के बैकवॉटर में नहाने गए दो युवकों की पानी में डूबने से मौत हो गई.
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है. सूचना मिलते ही पुलिस और महसूल विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला नियंत्रण कक्ष को मिली सूचना के आधार पर आज 16 मई 2026 को शाम लगभग 5 बजे मौजा बेटाला, तहसील मोहाडी स्थित वैनगंगा नदी के बैकवॉटर में दो युवक नहाने और तैरने के लिए गए थे. इसी दौरान पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं लग पाने से दोनों युवक गहरे पानी में चले गए और डूब गए.
घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार मोहाडी ने प्रशासन को सूचित किया. इसके बाद पुलिस विभाग तथा महसूल विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
मृतकों की पहचान नैतिक किशोर ठवकर (17) तथा जितू सहादेव भुरे (29) के रूप में हुई है. हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई कर आगे की जांच की जा रही है.
स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नदी, तालाब और बैकवॉटर क्षेत्रों में जाते समय विशेष सावधानी बरतें तथा गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं को रोका जा सके.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी anmolm419@gmail.com






