टैंक बदलने के दौरान 4 मजदूर झुलसे
अनमोल मेश्राम * भंडारा दस्तक न्यूज
भंडारा. जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार, भंडारा स्थित आयुध निर्माणी जवाहर नगर में शनिवार 18 अप्रैल को सुबह करीब 11.30 बजे एक हादसा हो गया.
नियमित कार्य के दौरान एसिड सेक्शन में टैंक बदलने के काम के समय एसिड की चपेट में आने से 4 लोग झुलस गए.
घटना कैसे हुई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसिड सेक्शन में स्टोरेज टैंक की कटिंग का काम चल रहा था. यह कार्य SUONY फाइबर ग्लास (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, इंदौर को दिया गया था. इसी दौरान एसिड के संपर्क में आने से निर्माणी के एक कर्मचारी और तीन ठेका श्रमिक घायल हो गए.
घायलों की स्थिति
डॉक्टरों के अनुसार, सभी घायलों को लगभग 20 प्रतिशत तक जलने की चोटें आई है. घायल व्यक्तियों में विनोद सोनटक्के (52) निवासी जवाहर नगर इन्हें आगे के उपचार के लिए नागपुर के कुणाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
संदीप चाकोले (45) निवासी नवेगांव, अतुल वघाडे (25) निवासी इरंडी (नवेगांव बांध), संजय लांडगे (55) निवासी पेट्रोल पंप क्षेत्र. तीनों ठेका श्रमिकों का इलाज भंडारा शहर के लक्ष अस्पताल में जारी है.
तत्काल उपचार और राहत कार्य
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को पहले निर्माणी अस्पताल लाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. बाद में आवश्यकतानुसार उन्हें अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया.
जांच के आदेश
आयुध निर्माणी प्रबंधन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर यह माना जा रहा है कि टैंक कटिंग के दौरान सुरक्षा में कमी के कारण यह हादसा हुआ.
प्रबंधन की भूमिका
प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि घटना की पूरी जांच की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया जाएगा.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी anmolm419@gmail.com






