तीन हमले, दो की मौत
वन विभाग ने चलाया सघन अभियान
अनमोल मेश्राम * भंडारा दस्तक न्यूज
भंडारा. वन विकास महामंडल के विभागीय कार्यालय, भंडारा अंतर्गत कक्ष क्रमांक 143 क्षेत्र में आदमखोर बाघिन T-27 के हमलों से दहशत का माहौल बना हुआ है.
19 मार्च 2026 को बाघिन ने वसंत मेश्राम पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया था. इसके बाद 28 मार्च 2026 को माया सोनवाणे पर हमला किया गया, जिसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई.
ताजा घटना 1 अप्रैल 2026 की है, जब बाघिन ने छाया मुंगमोडे पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया.
वर्तमान में उनका नागपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है.
मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया है और बाघिन को पकड़ने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू किया गया है.
इस अभियान में नवेगाव-नागझिरा व्याघ्र परियोजना का वन्यजीव बचाव दल, गोंदिया वन विभाग का बचाव दल तथा भंडारा वन विभाग की टीमें तैनात की गई है.
बाघिन की गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए संभावित क्षेत्रों में मचान और आमिष (बेट) लगाए गए है. साथ ही, बाघिन को बेहोश करने के लिए आवश्यक उपकरणों के साथ चार प्रशिक्षित शार्प शूटर भी तैनात किए गए है.
निगरानी के लिए 50 से अधिक कैमरा ट्रैप और 10 लाइव कैमरे लगाए गए है, जबकि चार थर्मल ड्रोन की मदद से दिन-रात जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
वन विभाग को बाघिन की दैनिक गतिविधियों की जानकारी मिल रही है और उसे पकड़ने के प्रयास लगातार तेज किए जा रहे है.
नवेगाव-नागझिरा राष्ट्रीय व्याघ्र परियोजना प्रशासन ने विश्वास जताया है कि जल्द ही बाघिन को काबू में कर लिया जाएगा.
प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और बाघिन को पकड़ने के अभियान में वन विभाग का सहयोग करें.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी anmolm419@gmail.com






