8 नाबालिग आरोपी हिरासत में
अनमोल मेश्राम * भंडारा दस्तक न्यूज
भंडारा. शहर के व्यस्ततम जलाराम चौक क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को भंडारा पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सुलझाते हुए 8 विधि संघर्षग्रस्त बालकों को हिरासत में लिया है. पुलिस की इस शीघ्र कार्रवाई से शहर में हड़कंप मच गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक कार्तिक विलास भंडारी (27), निवासी संताजी वार्ड, जलाराम चौक, 8 मई 2026 की रात करीब 11.30 से 12 बजे के बीच अपने दोस्तों के साथ यूनियन बैंक के सामने बैठा था.
इसी दौरान कुछ अज्ञात युवक दोपहिया वाहन से शास्त्री चौक की ओर जा रहे थे. बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर मृतक और उन युवकों के बीच विवाद हुआ तथा मारपीट भी हुई.
इसके बाद वे युवक वहां से चले गए, लेकिन कुछ समय बाद अपने अन्य साथियों के साथ लौटे और कार्तिक भंडारी पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया. गंभीर वार के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही भंडारा पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस जांच में सामने आया कि यह मामला पुराने विवाद से जुड़ा हुआ है.
पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि अप्रैल 2026 में मृतक का आंबेडकर वार्ड और चांदणी चौक क्षेत्र के कुछ युवकों के साथ विवाद हुआ था. इसी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया.

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक निलेश मोरे, उपविभागीय पुलिस अधिकारी विलास काले, थाना प्रभारी उल्लास भुसारी तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक शिरीष भालेराव ने घटनास्थल का दौरा कर जांच के निर्देश दिए.
इसके बाद पुलिस स्टेशन भंडारा की अपराध जांच टीम और स्थानीय अपराध शाखा की कुल पांच टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया.
गुप्त सूत्रों और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में शामिल 8 विधि संघर्षग्रस्त बालकों को हिरासत में लिया.
भंडारा पुलिस अधीक्षक नुरुल हसन के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई की शहरभर में सराहना हो रही है. मामले की आगे की जांच थाना प्रभारी उल्लास भुसारी कर रहे है.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी anmolm419@gmail.com






