अनमोल मेश्राम * भंडारा दस्तक न्यूज
भंडारा. आगामी ईद पर्व के मद्देनजर जिले में कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को भंडारा में जिला स्तरीय शांति समिति एवं सांप्रदायिक सद्भावना बैठक का आयोजन किया गया था. यह बैठक भंडारा पुलिस मुख्यालय स्थित पुलिस क्राइम मीटिंग हॉल में संपन्न हुई.
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हुई बैठक
बैठक में भंडारा जिले के पुलिस अधीक्षक नूरुल हसन, प्रभारी जिलाधिकारी रविंद्र जाधव तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निलेश मोरे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे.
इसके अलावा जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, विभिन्न धर्मों और समाजों के प्रतिष्ठित नागरिक, पत्रकार, शांति समिति के सदस्य तथा जनप्रतिनिधि भी बैठक में शामिल हुए थे.
शांतिपूर्ण माहौल में ईद मनाने की अपील
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक नूरुल हसन ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि आगामी ईद पर्व को सभी लोग पारंपरिक भाईचारे, शांति और उत्साह के साथ मनाएं. उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क और तैयार है. साथ ही नागरिकों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की गई.
अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक में सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों को लेकर भी विशेष चर्चा की गई. अधिकारियों ने नागरिकों से किसी भी प्रकार की भ्रामक या अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करने की अपील की.
प्रशासन की ओर से स्पष्ट चेतावनी दी गई कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या अफवाह फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
जिलेभर में गठित किए गए विशेष उड़नदस्ते
ईद के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए भंडारा पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष उड़नदस्तों का गठन किया गया है. ये टीमें लगातार गश्त करेंगी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी.
पुलिस प्रशासन ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने तथा स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पाने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए है.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी anmolm419@gmail.com





