अनमोल मेश्राम * भंडारा दस्तक न्यूज
भंडारा. शहर पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है.
पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 40 हजार 500 रुपए का मुद्देमाल जब्त किया है. मामले में भारतीय शस्त्र अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है. यह कार्रवाई भंडारा शहर पुलिस थाना के अपराध शाखा (डी.बी.) पथक द्वारा की गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 मई 2026 की मध्यरात्रि में सहायक पुलिस निरीक्षक आशिष बोरकर, रात्रि गश्त अधिकारी सहायक पुलिस निरीक्षक राजेश खंडाडे तथा डी.बी. पथक के पुलिसकर्मी राठोड और अंबादे निजी वाहन से शहर में पेट्रोलिंग कर रहे थे.
इसी दौरान जिला परिषद चौक परिसर में पहुंचने पर पुलिस को गुप्त मुखबिर से सूचना मिली कि सरगम बार के पीछे स्थित विदर्भ हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की गली में एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है और उसके पास पिस्टल है.
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सरगम बार के पीछे इलाके में सर्च अभियान चलाया. इस दौरान सड़क पर संदिग्ध युवक दिखाई दिया.
पंचों की मौजूदगी में उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. आरोपी ने अपना नाम शेख अतिफ शेख लतीफ (32) निवासी शांति नगर घाट, इजाजभाई किराना दुकान के पास, नागपुर बताया.
पुलिस द्वारा उसकी तलाशी लेने पर उसकी पैंट की कमर में बाईं ओर खोंसी हुई एक पिस्टल बरामद हुई. पिस्तौल की मैगजीन जांचने पर उसमें एक जिंदा कारतूस भी मिला. पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार और कारतूस जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी anmolm419@gmail.com






