नागपुर से 5 आरोपी गिरफ्तार
तहसील प्रतिनिधि * भंडारा दस्तक न्यूज
साकोली. शहर के तालाब किनारे मिले युवक के सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया.
स्थानीय अपराध शाखा और साकोली पुलिस की संयुक्त टीम ने नागपुर से 4 आरोपियों और एक विधि संघर्षग्रस्त बालक को हिरासत में लेकर मामले का खुलासा किया है.
तालाब किनारे मिला था युवक का शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 मई 2026 की सुबह करीब 6 बजे साकोली पुलिस को शहर के तालाब किनारे एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने की सूचना मिली.
मृतक की पहचान निखिल राजकुमार कांबले (30) निवासी मुरपार (लेंडेझरी), तहसील सडक अर्जुनी, जिला गोंदिया के रूप में हुई.
मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के गंभीर निशान पाए गए. उसकी छाती, गर्दन और सिर पर गहरे घाव थे.
मामले की गंभीरता को देखते हुए साकोली पुलिस ने तुरंत अपराध क्रमांक 451/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 103 के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज किया था.
पुलिस के सामने नहीं था कोई सुराग
घटना के शुरुआती चरण में पुलिस के पास कोई प्रत्यक्ष सुराग नहीं था. इसके बावजूद साकोली पुलिस और स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने तकनीकी व गोपनीय जांच के आधार पर तेजी से जांच आगे बढ़ाई.
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी गणेश मनोहर वलथेर (20) निवासी शिवाजी वार्ड साकोली, सागर शंकर पारधी (19) निवासी शिवाजी वार्ड साकोली, ओमकार सुनील मेश्राम (21) निवासी शिवाजी वार्ड साकोली, कमलेश चुन्नीलाल कुकवास (23) निवासी मानेगांव, तहसील लाखनी तथा एक विधि संघर्षग्रस्त बालक को हिरासत में लिया.
मामूली विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया. जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपी आपस में घनिष्ठ मित्र थे. घटना के समय किसी मामूली बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था.
बताया गया कि विवाद के दौरान मृतक द्वारा की गई गाली-गलौज से आरोपी आक्रोशित हो गए और उन्होंने धारदार हथियार से हमला कर निखिल कांबले की हत्या कर दी. वारदात के बाद सभी आरोपी फरार होकर नागपुर चले गए थे.
नागपुर से आरोपियों को दबोचा
स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों का पीछा किया और नागपुर से सभी को हिरासत में लेने में सफलता हासिल की. पुलिस की इस तेज कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है.
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नूरुल हसन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निलेश मोरे, पुलिस निरीक्षक चिंचोलकर तथा पुलिस निरीक्षक आचरेकर के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा और साकोली पुलिस टीम द्वारा की गई.
मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक राजू सालवे कर रहे है.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी anmolm419@gmail.com






