जुलूस और नारों से माहौल गरमाया
अनमोल मेश्राम * भंडारा दस्तक न्यूज
भंडारा. नगरपालिका चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन तहसील कार्यालय परिसर राजनीतिक उत्साह से सराबोर रहा.
भाजपा, कांग्रेस, शिवसेना (शिंदे गुट), राकां (शरदचंद्र पवार गुट), राकां (अजित पवार गुट) के कार्यकर्ताओं और संभावित उम्मीदवारों ने बड़े-बड़े जुलूसों के साथ अपना शक्ति प्रदर्शन किया.
सुबह से ही कार्यालय के बाहर समर्थकों की भीड़ उमड़ने लगी, जिससे वातावरण में चुनावी रंग और भी गहरा हो गया.
भाजपा, कांग्रेस, शिवसेना और राकां का शक्ति प्रदर्शन
नामांकन भरने को लेकर भाजपा, कांग्रेस, शिवसेना और राकां दलों ने अपने-अपने उम्मीदवारों को भारी समर्थक शक्ति के साथ तहसील कार्यालय पहुंचाया. नेताओं ने अपने समर्थकों को उत्साहपूर्वक संबोधित कर माहौल को और ऊर्जावान बना दिया.
कई प्रमुख नेता मौजूद रहे और पार्टी के प्रतीक चिह्न वाली झंडियों के साथ कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की. पूरे जोश और बैंड-बाजे के साथ उम्मीदवारों को नामांकन के लिए लाया गया.
पारंपरिक अंदाज में ढोल-ताशों के साथ शक्ति प्रदर्शन किया, जबकि कार्यकर्ताओं ने नारों के साथ वातावरण को गुंजायमान किया.
भंडारा नगराध्यक्ष पद के उम्मीदवार
भंडारा नगराध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने मधुरा मदनकर, कांग्रेस ने जयश्री बोरकर, राकां (शरदचंद्र पवार गुट) ने माधुरी चौधरी, राकां (अजित पवार गुट) ने सुषमा साखरकर और शिवसेना (शिंदे गुट) ने अश्विनी भोंडेकर को उम्मीदवार बनाया है.
समर्थकों की भीड़, वाहनों का काफिला और लगातार आ रहे जुलूसों के कारण तहसील कार्यालय परिसर में भारी गहमागहमी रही. प्रशासन ने भीड़ नियंत्रित करने के लिए विशेष पुलिस बंदोबस्त तैनात किया.
पुलिस टीम ने प्रवेश द्वार पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करते हुए उम्मीदवारों और मुख्य प्रतिनिधियों को ही अंदर जाने की अनुमति दी, ताकि नामांकन प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी हो सके.
दिनभर चले राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन और भीड़ नियंत्रण के बीच, नामांकन प्रक्रिया शाम तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी bhandaradastak@gmail.com






