ठेकेदारी राज नहीं
अनमोल मेश्राम * भंडारा दस्तक न्यूज
भंडारा. नगर परिषद चुनावों की प्रक्रिया तेज होते ही शहर में एक नया माहौल निर्माण हो रहा है. इस बार भंडारा को जागरूक और शिक्षित जनता साफ-सुथरे एवं पारदर्शी नेतृत्व की मांग कर रही है.
नागरिकों का कहना है कि अब नगराध्यक्ष पद पर ऐसी महिला होनी चाहिए जो स्वच्छ छवि की, शिक्षित, सुसंस्कृत और भ्रष्टाचार से पूरी तरह मुक्त हो.
शहर के हर वर्ग में यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि अब भंडारा को ऐसी नगराध्यक्षा चाहिए जो सहज, विनम्र और जनता के बीच आसानी से उपलब्ध हो.
ठेकेदारी राज से ऊब चुकी जनता
नागरिकों का कहना है कि अब तक कई प्रतिनिधियों ने जनसेवा से अधिक ठेकेदारी, कमीशनखोरी और व्यक्तिगत फायदे को प्राथमिकता दी. ऐसे संधीसाधू और कमीशन आधारित राजनीति करने वालों को जनता ने इस बार नकारने का मन बना लिया है.
शहरवासियों का स्पष्ट मत है कि अब ऐसे नगरसेवक चुनने का समय आ गया है जो वास्तव में गोरगरिब, पीड़ित और जरूरतमंद लोगों के लिए हर समय उपलब्ध हों.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लोग कहते है कि हमें ऐसे नगरसेवक नहीं चाहिए जो चुनाव के समय दिखें और बाद में गायब हो जाएं. हमें चाहिए वे जो संकट की घड़ी में जनता के घर तक पहुंचे.
जागरूक मतदाताओं की कड़ी कसौटी
इस चुनाव में भंडारा के मतदाता पहले से कहीं अधिक जागरूक, सजग और सक्रिय दिखाई दे रहे है. अब वे हर उम्मीदवार से सवाल पूछने की तैयारी में है.
मतदाताओं के मन में उठ रहे प्रमुख सवाल
अब तक आपने जनता के लिए क्या किया, शहर की कौन-कौन सी गंभीर समस्याओं को आपने उठाया, जनहित के लिए कितनी बार मैदान में उतरे, चुनाव आते ही अचानक आपको जाग क्यों आई, पिछले वर्षों में आप कहां छिपे हुए थे.
मतदाताओं का कहना है कि यह सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि शहर के परिवर्तन का अवसर है. इसलिए इस बार किसी को भी खाली वचन या सब ठीक हो जाएगा जैसे आश्वासनों पर वोट नहीं मिलेगा.
जागरूक मतदाता ही तय करेंगे भंडारा का भविष्य
भंडारा के नागरिकों का मत है कि अब जनता की परीक्षा नहीं, बल्कि उम्मीदवारों की परीक्षा होगी. लोग साफ कह रहे है कि शहर के विकास, स्वच्छ प्रशासन और पारदर्शी व्यवस्था के लिए वे किसी भी तरह के दबाव, प्रलोभन या दिखावटी प्रचार से प्रभावित नहीं होंगे.
शहर में एक ही संदेश गूंज रहा है
हमारी नगराध्यक्ष और हमारे नगरसेवक वही होंगे जो ईमानदार, जवाबदेह और जनहित के लिए समर्पित होंगे.
चुनावी माहौल में इस तरह की जागरूकता भंडारा के लिए एक सकारात्मक बदलाव की ओर संकेत देती है. अब देखना यह है कि इस बदले हुए जनमत के बीच कौन उम्मीदवार जनता की कसौटी पर खरा उतरता है.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी bhandaradastak@gmail.com





