भंडारा पुलिस ने 12 घंटे के भीतर 12 आरोपियों को किया गिरफ्तार
अनमोल मेश्राम * भंडारा दस्तक न्यूज
भंडारा. राष्ट्रीय महामार्ग पर हुई डकैती की गंभीर घटना में भंडारा पुलिस ने शीघ्र कार्रवाई करते हुए केवल 12 घंटे के भीतर 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है.
यह घटना भंडारा बायपास राष्ट्रीय महामार्ग पर ग्राम कोरंभी के पास वैनगंगा नदी पुल पर 17 दिसंबर 2025 की रात करीब 1.30 बजे घटी.
ट्रक चालक पर हमला, नकदी लूट व वाहन को नुकसान
कर्नाटक राज्य के हासन जिले के वडेनर्सीपुरा निवासी अकरम खान उसनखान पठान (45) रायपुर से चावल से भरा ट्रक (क्र. केए. 18 सी. 4845) लेकर भंडारा की ओर आ रहे थे.
इसी दौरान 10 से 12 अज्ञात आरोपियों ने लकड़ी के डंडों से ट्रक रोककर शीशे तोड़ दिए, जिससे करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ.
आरोपियों ने ट्रक चालक के साथ मारपीट कर उसे घायल किया और उसकी जेब से 15 हजार रुपये नकद जबरन लूटकर फरार हो गए.
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस थाना भंडारा में अपराध क्रमांक 1723/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(2), 311, 126(2), 324(4) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शीघ्र नाकाबंदी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नूरुल हसन ने जिले के सभी पुलिस थानों को तत्काल नाकाबंदी के आदेश दिए तथा स्थानीय अपराध शाखा को भी जांच में शामिल किया गया.
गुप्त जानकारी व तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों की पहचान
गुप्त मुखबिरों व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 12 आरोपियों को हिरासत में लिया जिसमें साहिल चंद्रभोज रामटेके (22), मोहित जयेश शेंडे (21), आकाश मयूर बोरकर (20) गणेशपुर, कुणाल राजू भोंगाडे (25) गणेशपुर, सचिन सुदाम साखरकर (20), भावेश नरेंद्र धाबेकर (18) विद्यानगर, यश मोरेश्वर भागडकर (19) नवीन नगर, पारडी, नागपुर, चिराग नमोद गजभिये (28), सागर देवानंद भुरे (26) रमाबाई आंबेडकर वार्ड, भंडारा, श्याम भास्कर साठवणे (25) पिंडकेपार, रोशन श्रीकांत सिंधीमेश्राम (24) दहेगांव धानला, नागपुर, निल उदाराम आंबिलठुके (18) दहेगांव, नागपुर (हाल निवासी गणेशपुर) का समावेश है.
आरोपियों की गिरफ्तारी, 20 दिसंबर तक पीसीआर
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया. ठोस साक्ष्यों के आधार पर सभी को गिरफ्तार कर 20 दिसंबर 2025 तक पुलिस कस्टडी रिमांड में भेजा गया है. पुलिस ने पीड़ित का लूटा गया मुद्देमाल भी बरामद कर लिया है.
पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नूरुल हसन, अपर पुलिस अधीक्षक निलेश मोरे, उपविभागीय पुलिस अधिकारी विलास काले के मार्गदर्शन में, पुलिस निरीक्षक उल्लास भुसारी के नेतृत्व में की गई. जांच में क्राइम ब्रांच व भंडारा पुलिस के कई अधिकारियों व कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
आगे की जांच जारी
मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक राजेश खांदाडे द्वारा की जा रही है. भंडारा पुलिस की इस त्वरित व कुशल कार्रवाई से आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी anmolm419@gmail.com






