विधायक भोंडेकर पर धमकी देने के आरोप
पत्रकार परिषद में दी जानकारी
अनमोल मेश्राम * भंडारा दस्तक न्यूज
भंडारा. नगर परिषद चुनावों के दौर में भंडारा शहर में पुलिस कार्रवाई को लेकर राजनीति गरमा गई है. शनिवार की रात करीब 1.30 बजे प्रभाग क्रं. 7 से भाजपा के विनोद भूरे को पुलिस ने उनके घर से हिरासत में लेकर मोबाइल की जांच की. इसके बाद भाजपा ने इस कार्रवाई को पूरी तरह राजनीतिक प्रेरित बताते हुए तीव्र आपत्ति जताई है.
रविवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में विनोद भूरे, भाजपा जिला अध्यक्ष आशु गोंडाने, जैकी रावलानी, भगवान बावनकर तथा तेली समाज पंच कमेटी के नीमकर ने भंडारा शहर थाने के पुलिस इंस्पेक्टर भुसारी को तत्काल निलंबित करने की मांग उठाई.
विधायक भोंडेकर द्वारा धमकी का आरोप
भाजपा पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि यह पूरी कार्रवाई शिवसेना शिंदे गुट के विधायक भोंडेकर के इशारे पर की गई है.
जैकी रावलानी ने दावा किया कि विधायक ने सिंधी कॉलोनी में उनके परिचित को धमकी देते हुए कहा कि वे जैकी को निपटा देंगे.
रावलानी ने बयान दिया कि यदि उन्हें कोई नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी विधायक पर होगी. उन्होंने भंडारा एसपी नूरुल हसन से मिलकर सुरक्षा की मांग भी की है.
निर्दोषों को फंसाने का प्रयास- गोंडाने
जिला भाजपा अध्यक्ष आशु गोंडाने ने कहा कि सोशल मीडिया पर एक पूर्व एसपी की पत्नी की टिप्पणी को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है और निर्दोष लोगों को फंसाने का प्रयास हो रहा है.
पुलिस का आरोप था कि उक्त पोस्ट को विनोद भूरे ने वायरल किया, जबकि जैकी रावलानी ने स्पष्ट किया कि वह पोस्ट वायरल होने से पहले ही डिलीट हो चुकी थी.
दीवार लांघकर घर में प्रवेश का आरोप
विनोद भूरे ने बताया कि रात में पुलिस ने उनके घर की कंपाउंड वॉल लांघकर प्रवेश किया और उन्हें अपने साथ ले गई. रास्ते में शिवाजी महाराज के पुतले के पास उन्हें छोड़ दिया गया, लेकिन उनका मोबाइल पुलिस अपने साथ ले गई.
परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस- भूरे
भूरे ने कहा कि इस कार्रवाई से उनके और उनके परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है. तेली समाज पंच कमेटी के नीमकर ने भी इसे समाज के उम्मीदवार को बदनाम करने की साजिश बताया.
भगवान बावनकर ने आरोप लगाया कि विधायक के इशारे पर पुलिस शहर में भय का माहौल बना रही है और भाजपा समर्थकों को डराया-धमकाया जा रहा है.
भाजपा ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से शहर के थानेदार भुसारी को तत्काल हटाए जाने की मांग की है.
इस दौरान शहर अध्यक्ष सचिन कुंभलकर, नितिन कारेमोरे, कल्याणी निखाड़े भी उपस्थित थे.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी bhandaradastak@gmail.com






