6 विद्यार्थी व 1 अभिभावक घायल
अनमोल मेश्राम * भंडारा दस्तक न्यूज
भंडारा. तहसील के सुरेवाड़ा गांव में गुरुवार को एक भीषण हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कूल वैन के पलट जाने से 6 विद्यार्थी और 1 अभिभावक घायल हो गए.
सभी घायलों को उपचार के लिए भंडारा जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि सड़क पर पड़े गड्ढों के कारण यह दुर्घटना घटी.
घायल विद्यार्थियों के नाम अवेंद्र योगेश भोयर (माटोरा), सानिध्या रामप्रकाश चोपकर (खमारी), उर्वेश दीपक बेदरकर (मांडवी), सानवी दीपक बेदरकर (मांडवी), रुद्राणी उमेश बेदरकर (मांडवी) एवं गर्ग ईश्वर मेश्राम (माटोरा) बताए गए है. घायल अभिभावक का नाम उमेश पंजाब मेश्राम (20), (मांडवी) है.
मिली जानकारी के अनुसार, सावित्रीबाई फुले इंग्लिश स्कूल, कारधा से छुट्टी के बाद विद्यार्थी मारुति स्कूल वैन (क्र. एम.एच. 47 बी.बी. 5864) से घर लौट रहे थे.
इसी दौरान सड़क पर पड़े गड्ढों से बचने की कोशिश में चालक का नियंत्रण वैन से हट गया और वाहन पुल से नीचे गिर गया.
इस हादसे में एक छात्र का दांत टूट गया, जबकि दूसरे छात्र के गाल पर चोट आई. जानकारी मिलते ही कारधा पुलिस स्टेशन के थानेदार सूर्यवंशी दल-बल सहित मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा. प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश छात्रों को छुट्टी दे दी गई, जबकि एक छात्र को भर्ती रखा गया है.
घटना की जानकारी मिलते ही रुग्णालय में विद्यार्थियों के अभिभावकों की भीड़ उमड़ पड़ी. इस दौरान सावित्रीबाई फुले स्कूल के प्राचार्य एवं शिक्षक भी उपस्थित थे.
सामान्य अस्पताल पहुंचकर घायल विद्यार्थियों का जिलाधिकारी ने जाना हालचाल
भीलेवाड़ा से सूरेवाड़ा के बीच बने नए पुल के पास सड़क की खराब स्थिति और गहरे गड्ढों के कारण गुरुवार को एक स्कूल वैन पलट गई.
इस हादसे में वैन में सवार कई विद्यार्थी घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद कर घायलों को भंडारा के सामान्य अस्पताल पहुंचाया.
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी सावन कुमार ने सामान्य अस्पताल पहुंचकर घायल विद्यार्थियों का हालचाल जाना.
उन्होंने डाक्टरों को बच्चों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए और संबंधित विभागों को सड़क की मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने का आदेश दिया.
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, क्योंकि खराब सड़क और गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं घटित हो रही है.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी bhandaradastak@gmail.com






