विकास कार्यों में तेजी लाने का दावा
अनमोल मेश्राम * भंडारा दस्तक न्यूज
भंडारा. भंडारा, पवनी एवं तुमसर नगर परिषद चुनाव में शिवसेना ने अपने बलबूते पर चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी कर ली है.
हालांकि, यदि वरिष्ठ नेतृत्व युती (साझेदारी) का निर्णय करता है, तो इसके लिए भी पार्टी तैयार है. यह जानकारी आज विधायक नरेंद्र भोंडेकर ने विश्रामगृह में आयोजित पत्रकार परिषद में दी.
उन्होंने बताया कि नगराध्यक्ष का उम्मीदवार समय पर तय किया जाएगा. दिवाली पूर्व संध्या पर खांब तालाब, भंडारा में श्रीराम की मूर्ति के सामने 51 हजार दीपक जलाए जाएंगे.
भोंडेकर ने आगे कहा कि नगर परिषद चुनाव के माध्यम से प्रत्येक पार्टी अपनी ताकत बढ़ाने का प्रयास करती है और हमारा भी यही उद्देश्य है.
युती का निर्णय वरिष्ठ स्तर पर लिया जाएगा. हम विकास के लिए चुनाव लड़ेंगे और विपक्ष के विरोध पर ध्यान दिए बिना अपने विकास कार्यों को जारी रखेंगे.
बारिश के कारण भंडारा शहर के कई सड़क और विकास कार्य मंद पड़ गए थे. निधियों की कमी भी थी, लेकिन अब फंड की कमी नहीं है, इसलिए धीमी पड़ी परियोजनाएं फिर से शुरू हो रही है.
इनमें खांब तालाब, जल पर्यटन, गटार योजना, पानी की आपूर्ति सहित अन्य कार्य शामिल है, जिन्हें दो महीने में पूरा किए जाने की उम्मीद है.
भोंडेकर ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं का विश्वास 100 प्रश. पूरा किया जाएगा. उन्होंने निर्माण कार्यों में हो रहे असुविधाओं के लिए खेद व्यक्त किया.
उन्होंने कहा कि महिला अस्पताल में मेडिकल कॉलेज स्थापित करना उचित नहीं था, लेकिन स्वतंत्र महिला अस्पताल जल्द ही चालू होगा.
चुनाव के बाद आठ गांव नगर परिषद में शामिल होंगे. उन्होंने यह भी बताया कि नवीन भंडारा का निर्माण किया जाएगा, जो तीन वर्षों में पूरा होगा. उनका प्रयास है कि शहरवासियों के चेहरों पर मुस्कान लाए जाए.
पत्रकार परिषद में जिला प्रमुख अनिल गायधने, पिछड़ा वर्ग शिवसेना के जिला अध्यक्ष दीपक गजभिये, शिवसेना नेता व पूर्व नगराध्यक्ष बाबू बागडे, पूर्व नगरसेवक नरेंद्र बुरडे, शहर संघटक नितीन धकाते, एड. रवि वाढई, अल्पसंख्यक सेल प्रमुख आरिफ शेख, मसूद बन्सी, पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष छोटू भुरे, शहर प्रमुख सतीश तुरकर, शहर प्रमुख राजेश चोपकर, मुकेश थोटे, संजय नागदेवे, पूर्व नगरसेवक बंटी मिश्रा उपस्थित थे.
अनमोल गोविंदाजी मेश्राम
मुख्य संपादक
“भंडारा दस्तक न्यूज”
मो. 9890760124
ईमेल आयडी bhandaradastak@gmail.com






